onkar

गिरिडीह, 15 जुलाई । गिरिडीह जिले की बगोदर थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से बिहार ले जाई जा रही करीब 40 लाख रुपये मूल्य की शराब और बीयर से लदे एक मालवाहक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से विभिन्न ब्रांड की करीब 600 पेटी शराब और बीयर बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय राम और बगोदर थाना प्रभारी ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बगोदर थाना क्षेत्र के गेंदास्त्रुपी जंगल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध मालवाहक ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।

पुलिस ने ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर की 600 पेटियां बरामद कीं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल से बिहार में तस्करी के उद्देश्य से भेजी जा रही थी।

एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि जब्त खेप में सबसे अधिक हाइवर्ड्स कंपनी की 348 पेटी बीयर मिली है। इसके अलावा राइस विल की 37 पेटी, ऑफिसर्स चॉइस की सात पेटी, रॉयल स्टैग की 140 पेटी, ब्लेंडर्स प्राइड की 20 पेटी तथा अन्य ब्रांड की शराब और बीयर भी बरामद की गई है।

पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।