पलामू, 15 जुलाई । छात्रा से छेड़छाड़ कर फरार टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया गया है। उसकी गिरफ्तारी नाै महीने बाद हुई है। उसके खिलाफ पलामू जिले के नावाबाजार थाना में 27 नवंबर 2025 को छेड़छाड़ एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। आरोपित चालक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मसिहानी टोला मंदेया निवासी नेहाल अहमद (30) के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि मामला दर्ज होने के बाद नेहाल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विश्रामपुर चिरंजीव मंडल के नेतृत्व में टीम गठित की गयी थी। टीम में शामिल पुलिस सब इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, एएसआई अनिल कुमार चौधरी और सशस्त्र पुलिस जवान ने गुप्त सूचना पर नेहाल अहमद को गिरफ्तार कर बुधवार को केंद्रीय कारा मेदिनीनगर भेज दिया।
पूछताछ में नेहाल ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। नेहाल के अनुसार स्कूली लड़की को टेंपो से अकेले घर जाने के क्रम में बदनीयती से उसके साथ छेड़छाड़ की थी। नाबालिग ने अपनी आबरू बचाने के लिए टेंपो से छलांग लगा दी। इसमें उसका हाथ टूट गया था। इस बीच टेंपो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया था।
