वज्रपात

ओंकार समाचार

रामगढ़, 2 अगस्‍त। रामगढ़ जिले के पतरातू क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के दौरान वज्रपात  की चपेट में आने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सांकूल गांव में खेत में काम कर रही रेखा देवी और रोशनी कुमारी अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, पलानी गांव में खेत में कार्य कर रही सुशांति देवी, सुनीता देवी और कंचन कुमारी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। तीनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता सशस्त्र बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बोकारो जिले में तीन युवतियां घायल 

झारखंड के बोकारो जिले अंतर्गत चास प्रखंड अंतर्गत कुंबाटांड़ गांव में धान रोपने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से तीन युवतियां घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि आशा कुमारी, पूजा कुमारी और सोनाली कुमारी अपने खेत में धान रोपने गई थीं। इसी दौरान अचानक बिजली कड़की और खेत में वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने  से  दर्द के साथ-साथ चलने-फिरने में परेशानी होने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही तीनों को बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों युवतियों को भर्ती कराया गया है। फिलहाल तीनों का इलाज जारी है। घायल आशा ने पूरे घटना की जानकारी दी और बताया कि अचानक से क्या हुआ पता नहीं चला करंट जैसा लगा बेहोश हो गई।