hotel

रांची, 04 अक्टूबर (हि.स.)। रांची में होटल और बार की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार की देर रात अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर इलाके में पुलिस की विशेष टीमों ने छह से अधिक होटल और बार में छापेमारी की।

इस दौरान कचहरी चौक के पास स्थित एक होटल ( कोरिंथिया सूट्स एंड हॉस्पिटैलिटी ) में कथित देह व्यापार का खुलासा हुआ। पुलिस ने होटल के कमरों से छह से अधिक युवतियों को पकड़ा, जबकि कई युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, होटल में कमरे बुक कर कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने अचानक होटल में छापेमारी की। टीम ने रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की और होटल में ठहरे लोगों का रिकॉर्ड खंगाला। कार्रवाई के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस ने मौके से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान को जांच के दायरे में लिया है। इनकी जांच के जरिए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवतियों को होटल तक कौन पहुंचाता था, ग्राहकों से संपर्क किस माध्यम से होता था और पैसों का लेन-देन कैसे किया जाता था। पुलिस को इस पूरे मामले में दलालों की भूमिका की भी आशंका है।

सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कोतवाली निखिल राय ने रविवार को बताया कि फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल से मिलने वाली जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इस होटल पर कार्रवाई के साथ पुलिस ने शहर के दूसरे होटल और बार को भी जांच के दायरे में लिया है। लालपुर इलाके में भी कई बार की जांच की गई और संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ हुई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित नेटवर्क में शामिल लोगों और उनकी भूमिका की पूरी तस्वीर साफ होगी। मामले की जांच पड़ताल जारी है।—-