लूट कांड

पूर्वी सिंहभूम, 18 सितंबर।  जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में 3 सितंबर को हुई चर्चित वर्धमान ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने गुरुवार को पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने छापेमारी कर तीन अंतरराज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। लूट में प्रयुक्त देशी पिस्टल, कार और बाइक समेत कई सामान भी बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर एसआईटी ने कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य अभियुक्त विष्णु शंकर राय को भोजपुर (बिहार) से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर सौरभ मेहता उर्फ सोनू को औरंगाबाद (बिहार) और सुरज कुमार को पलामू के हरिहरगंज से गिरफ्तार किया गया। सुरज कुमार की निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त हुंडई अलकाजार कार भी बरामद की गई।

पूछताछ में तीनों अपराधियों ने सोनारी बाजार स्थित वर्धमान ज्वेलर्स में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। विष्णु शंकर राय ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद भागते समय उसने अपना देशी पिस्टल डोभो पुल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस ने अपराधियों से एक देशी पिस्टल, मैग्जीन और दो जिंदा कारतूस,  हुंडई अलकाजार कार, दो पल्सर बाइक, तीन स्मार्टफोन और दो कीपैड फोन

सिटी एसपी ने बताया कि इस कांड का संबंध एक कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह से है। शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उल्लेखनीय है कि 3 सितंबर को दिनदहाड़े हथियार के बल पर अपराधियों ने वर्धमान ज्वेलर्स से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस दौरान 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे और अभी भी फरार अपराधियों की तलाश जारी है।