hh

खूंटी , 26 अगस्त । राष्ट्रीय राजमार्ग (खूंटी-रांची मुख्य मार्ग) पर आशा किरण संस्था के पास सड़क के बीचों-बीच बना एक गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। इस मुख्य मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे हर पल किसी बड़े हादसे को निमंत्रण दे रहा हैै।

सड़क धंसने के कारण बने इस गड्ढे की गहराई अधिक होने की वजह से वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने हादसों से बचाव के लिए फिलहाल गड्ढे के अंदर पेड़ की पत्तियां और झाड़ियां भर दी हैं और पास में एक बड़ा पत्थर रखकर संकेत देने की कोशिश की है।

हालांकि, यह अस्थायी उपाय किसी बड़े खतरे को टालने के लिए नाकाफी है। रात के अंधेरे में या तेज गति से आने वाले वाहनों के लिए यह गड्ढा जानलेवा साबित हो सकता है। गड्ढे के आसपास सड़क में दरारें भी उभर आई हैं, जिससे सड़क के और धंसने का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना इस खतरनाक गड्ढे की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए।