पलामू, 27 अगस्त । जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कौवाखोह स्थित मधुबन होटल के समीप एनएच-139 पर गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप कैंपर की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्ची स्वीटी कुमारी की मौत हो गई। स्वीटी गांव के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, पिरोजी में दूसरी कक्षा की छात्रा बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बांसों-पिरोजी गांव से श्रद्धालुओं ने जलयात्रा निकाली थी। यात्रा में शामिल लोग कटैया-बटाने नदी से जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हरिहरगंज की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहे पिकअप कैंपर (बीआर02जीडी6436) ने जल यात्रा में शामिल स्वीटी को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची सड़क से दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों ने तत्काल घायल बच्ची को हरिहरगंज बीडीओ की गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ राजेश कुमार ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप कैंपर काफी तेज गति से आ रहा था। लोगों ने चालक को वाहन रोकने के लिए इशारा भी किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच को जाम कर दिया, जहां कई राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलने पर सीओ मनीष कुमार सिन्हा और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटवाया और आवागमन बहाल कराया। एनएच-139 को करीब तीन घंटे से अधिक समय तक जाम रखा गया।
