खूंटी , 27 अगस्त ।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस के अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। धरना केंद्र सरकार की ओर से लाए गए खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक के विरोध और भाजपा पर चंदा चोरी का आरोप लगाते हुए आयोजित किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार खान एवं खनिज विधेयक के माध्यम से जल, जंगल और जमीन को कॉरपोरेट हितों के हवाले करना चाहती है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक आदिवासी बहुल राज्य झारखंड के हितों के विरुद्ध है और इससे आदिवासियों के अधिकारों का हनन होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिजों पर झारखंडियों का पहला हक है।
रवि मिश्रा ने केंद्र सरकार पर गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यों के बकाया राशि का भुगतान होने से वहां की जनता और विकास कार्यों को लाभ मिलेगा, लेकिन केंद्र सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है। बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता धरना स्थल पर डटे रहे। कार्यक्रम को खूंटी लोकसभा प्रभारी राजेश गुप्ता, जिला प्रभारी चैतू उरांव और विधानसभा प्रभारी हिमांशु राय सहित जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने भी धरना को संबोधित किया।
धरना प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खान एवं खनिज संशोधन विधेयक को तत्काल वापस लेने, चंदा चोरी मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने और आदिवासियों के ग्राम सभा के अधिकारों और झारखंडियों के हक को सुरक्षित रखने की मांग की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमिर हुसैन, आदिवासी कांग्रेस के परधिया पीटर मुंडू, रविकांत मिश्रा, तैयब अंसारी, जयसिंह नाग, जुनैद अंसारी, समडोम तोपनो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
