खूंटी, 21 मई । तोरपा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चांपी में खुले आसमान के नीचे टाट-पट्टी पर पढ़ाई कर रहे बच्चों को देखकर तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया भावुक हो गए और उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की स्थिति देखकर तत्काल आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की अनुशंसा की।
जानकारी के अनुसार, विधायक सुदीप गुड़िया गुरुवार को क्षेत्रीय दौरे पर थे। इसी दौरान ग्राम चांपी से गुजरते समय उनकी नजर खुले में पढ़ रहे छोटे बच्चों पर पड़ी। आंगनबाड़ी भवन नहीं होने के कारण बच्चे चिलचिलाती धूप और धूल के बीच पढ़ाई करने को मजबूर थे। यह देखकर विधायक तुरंत वाहन से उतरे और बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से बातचीत की तथा वहां मौजूद आंगनबाड़ी सेविका से समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से बात की और ग्राम चांपी में नए एवं पक्के आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए त्वरित अनुशंसा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और बेहतर वातावरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी बच्चे को धूप और असुरक्षित माहौल में पढ़ने के लिए मजबूर नहीं रहना पड़ेगा। विधायक के इस त्वरित कदम से ग्रामीणों में खुशी देखी गई।
