barish

कोलकाता, 25 जून । पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल के कई जिलों में दिनभर मुख्य रूप से आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता में गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं राज्य के विभिन्न हिस्सों में आर्द्रता का स्तर काफी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी और असहज मौसम का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

बीते 24 जून को कोलकाता में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंचने से लोगों को अधिक गर्मी महसूस हुई।

मौसम विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि अगले कुछ दिनों में बंगाल के कई हिस्सों में बारिश का दायरा और बढ़ेगा, जिससे लगातार पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है।