पलामू, 01 जुलाई । जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में 12 दिनों के भीतर एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि आज तक इन मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। परिवार की बुजुर्ग महिला लाखों देवी का इलाज रांची के रिम्स में जारी है, लेकिन पीड़ित परिवार को अब तक अपेक्षित सरकारी सहायता और राहत नहीं मिल पाई है।
पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने बुधवार को सिक्का गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के बाद भी सरकार और प्रशासन का स्पष्ट जवाब न देना, बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
त्रिपाठी ने कहा कि सरकार को इस मामले की उच्चस्तरीय थाैर निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द मौतों के वास्तविक कारणों का खुलासा करना चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा, समुचित चिकित्सा सुविधा और हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला है। जनता इस संदिग्ध मौत की कारण जानना चाहती है।
मौके पर रामप्रवेश सिंह रंजन कुमार दुबे धनंजय पाठक सूर्यदेव पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
