ओंकार

पलामू, 17 जनवरी । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में पत्थर से कुचलकर हत्या करने के बाद  जलाए गए शव की पहचान मेदिनीनगर के आबादगंज निवासी शंकर राम (42) के रूप में हुई है। पत्नी रीमा देवी ने शव की पहचान की। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में किया गया। मौके पर पत्नी के अलावा मुहल्ले के कई लोग मौजूद थे। पत्नी ने हत्या की आशंका अपने चचेरे देवर राहुल कुमार पर जताई है। चचेरा देवर बार-बार जमीन की रसीद मांगता था और इसे लेकर विवाद भी करता था।

शंकर राम अपनी बेटी के साथ बायपास रोड में भू अर्जन कार्यालय के क्वार्टर में रहता था। 15 जनवरी की सुबह घर से निकला था। उसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चल पा रहा था। उसकी पत्नी रीमा देवी रांची में रहकर चौका बर्तन का काम करती है। सोशल मीडिया के माध्यम से महिला ने पति का शव देखा। इसके बाद उसने बेटी से फोन पर बात की। शुक्रवार की रात रांची से डालटनगंज पहुंचकर उसने पोस्टमार्टम हाउस में पति के शव की पहचान की।

वहीं महिला के बयान के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पत्नी ने बताया कि बहला फुसलाकर पति को चैनपुर के गुरहा की ओर ले जाया गया होगा और शराब पिलाने के बाद मौका देखकर हत्या कर दी गयी होगी। महिला ने पुलिस प्रशासन से मामले में जल्द स्थिति स्पष्ट करने की गुहार लगायी है।

इधर, चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि शव की पहचान आबादगंज हरिजन मुहल्ला निवासी शंकर राम (42) के रूप में हुई है। परिजनों ने अज्ञात पर पत्थर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शव को जलाने का प्रयास भी किया गया है। साथ ही कपड़े और शरीर का आंशिक भाग जला हुआ पाया गया है। पहचान होने पर कई स्तरों पर जांच की जा रही है।