ओंकार समाचार
गिरिडीह, 5 नवंबर । झारखंड में सहायक शिक्षकों द्वारा स्थायीकरण और नियमित वेतनमान की मांग को लेकर घोषित आंदोलन के मद्देनज़र गिरिडीह प्रशासन सतर्क हो गया है। आंदोलन के पहले चरण में बुधवार को शिक्षक शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू के गिरिडीह स्थित आवास का घेराव करने की तैयारी में हैं।
संभावित स्थिति को देखते हुए सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने मंत्री आवास के 500 मीटर के दायरे में चार से छह नवंबर तक निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश जारी किया है। इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने, जुलूस निकालने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या आदेश उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियातन गिरिडीह झंडा मैदान और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।
प्रशासन ने एसडीएम और एसडीपीओ स्तर पर विशेष बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने न पाए।
इस बीच, सहायक शिक्षकों का आंदोलन जिले में चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है। सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि मंत्री आवास घेराव के दौरान स्थिति कैसी बनती है और क्या सरकार और शिक्षकों के बीच बातचीत का कोई रास्ता निकल पाता है।
