पेपर लीक की आशंका

रांची, 12 अप्रैल । झारखंड की राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में उत्पाद सिपाही परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक उत्पाद सिपाही परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी थे। ये सभी एक स्थान पर इकट्ठा होकर कथित रूप से प्रश्नपत्र लीक होने की चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल सभी युवकों को तमाड़ थाने में रखा गया है और थाने के मुख्य द्वार को बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस को यह भी सूचना मिली थी कि प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया जा सकता है और कुछ मामलों में असली उम्मीदवारों की जगह डुप्लीकेट परीक्षार्थियों को बैठाने की योजना बनाई जा रही थी।

हालांकि, अब तक की जांच में पेपर लीक की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि संदेह के आधार पर युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

oplus_2097152

उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले अधिकारियों ने होटलों में की छापेमारी

झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा को कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार देर रात शहर के सभी होटलों में छापेमारी की।

अक्सर परीक्षा में कदाचार करने वाले लोग और प्रश्न पत्र लीक करने वाले गैंग के लोग होटल में ही रुक कर परीक्षार्थियों को ठगने का काम करते हैं। ऐसे लोगों पर अंकुश लगाने के लिए ही अधिकारियों ने छापेमारी की।

रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास और थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे कई होटलों में पहुंचे। वहां उन्होंने एंट्री रजिस्टर, कमरों में रहने वाले लोगों के आधार कार्ड, आने का समय और रुकने का उद्देश्य क्या है, इसकी जांच की। जिस कमरे में रुकने वाले लोगों पर संदेह हुआ, उनसे पूछताछ भी हुई।

परीक्षा को लेकर अलर्ट है प्रशासन : सीओ

सीओ रमेश रविदास ने कहा कि परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट है। होटल में रुक कर कोई भी व्यक्ति कदाचार को बढ़ावा नहीं दे सकता है। अभी परीक्षार्थियों की भीड़ है और सभी होटल बुक है। ऐसे में कदाचार करने वाले लोग भी इन्हीं की  भीड़ में छुप कर अपनी योजना बना सकते हैं। वैसे लोगों के खिलाफ ही कार्रवाई करने के लिए अभियान चल रहा है।

थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने रविवार को बताया कि परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ सड़क और होटल में भी निगाह रखी गई है। सभी जगह सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम है। एहतिहातन छापेमारी की जा रही है।