गिरिडीह , 9 सितंबर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी ) की टीम ने बुधवार को गिरिडीह साइबर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई आवेदक जीवलाल मंडल की शिकायत पर की गई।
केस डायरी भेजने के नाम पर मांगी थी घूस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक जीवलाल मंडल ने एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गिरिडीह साइबर थाने दर्ज एक मामले के सिलसिले में केस डायरी कोर्ट में भेजने की एवज में सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम ने रिश्वत की मांग की।
सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने अपने स्तर से मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आवेदक द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी की टीम ने एक विशेष धावा दल का गठन किया और आरोपी पुलिस अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की.
रंगे हाथ पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर
योजना के तहत, जैसे ही आवेदक जीवलाल मंडल ने सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को रिश्वत के 30 हजार रुपये सौंपे, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।
