बैटरी से लगी आग

ओंकार समाचार

गिरिडीह, 3 जून । जिले के नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा वार्ड नंबर 10 में बुधवार को  तीन मंजिला मकान की छत पर लगी लीथियम सोलर बैट्री अचानक धमाके के साथ फट गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते बैट्री से उठती लपटों और धुएं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।

जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी प्रदीप कुमार ने महज चार-पांच दिन पहले ही अपने घर में अत्याधुनिक सोलर सिस्टम और लीथियम बैट्री लगवाई थी। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक बैट्री में जोरदार धमाका हुआ और छत से काले धुएं का गुबार उठने लगा। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी दौड़कर छत पर पहुंचे तो देखा कि बैट्री आग की लपटों में घिरी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने साहस दिखाते हुए बाल्टी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। उनकी तत्परता के कारण आग को मकान के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण लीथियम बैट्री में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस हादसे में सोलर सिस्टम की लीथियम बैट्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देरी होती, तो आग पूरे मकान को अपनी चपेट में ले सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।