पश्चिमी सिंहभूम, 11 अप्रैल । जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में पार्सल वितरण के दौरान चोरी हुए छह मोबाइल फोन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह बताया कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के दीपासाई निवासी अमरजीत कुमार (22) ने लिखित आवेदन देकर बताया कि पार्सल वितरण के दौरान उनके बैग से छह मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर नोवामुंडी थाना में 10 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपित ललित दास चोरी किए गए मोबाइल फोन को बाजार में बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम नोवामुंडी बाजार पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान ललित दास ने अपने पास एक मोबाइल होने की बात स्वीकार की। मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान करने पर वह चोरी का पाया गया। इसके बाद कड़ी पूछताछ में उसने खुलासा किया कि बाकी मोबाइल उसके घर पर रखे हैं, जबकि दो मोबाइल उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरु और एक मोबाइल कुंदन रजक के पास है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों स्थानों पर छापेमारी कर कुल छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपितों में ललित दास , कुंदन रजक और उज्जवल रोहित एक्का उर्फ हीरु शामिल हैं।
बरामद मोबाइल फोन में चार वीवो टी4 लाइफ फाइव जी और एवं दो मोटरोला एज साठ फ्यूजन फाइव जी शामिल हैं। सभी मोबाइल के आईएमईआई नंबर का मिलान कर पुष्टि की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश सिंह तथा जैप-09 के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
