सिलीगुड़ी, 01 अक्टूबर । दुर्गापूजा से पहले नक्सलबाड़ी के पहाड़गुमिया चाय बागान के करीब 2600 चाय श्रमिकों के खातों में 20 प्रतिशत बोनस की राशि पहुंच गई। मुख्यमंत्री की पांच अक्टूबर की समयसीमा से पहले ही बोनस मिलने से चाय श्रमिकों में खुशी का माहौल है।
हर वर्ष दुर्गापूजा बोनस को लेकर चाय बागान प्रबंधन और श्रमिकों के बीच विवाद की स्थिति बनती रही है। कभी बोनस देने की तारीख को लेकर सहमति नहीं बनती थी तो कभी किस्तों में भुगतान को लेकर समस्या होती थी। बोनस की प्रतिशत राशि को लेकर भी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बैठक और चर्चा होती रही है।
हालांकि, इस बार नक्सलबाड़ी के तराई क्षेत्र स्थित पहाड़गुमिया चाय बागान में अलग तस्वीर देखने को मिली है। बिना किसी विवाद के महालया से पहले ही करीब 2600 श्रमिकों के बैंक खातों में 20 प्रतिशत बोनस की राशि भेज दी गई। बोनस की राशि मिलने के बाद श्रमिकों में खुशी है और कई लोग पूजा की खरीदारी भी शुरू कर चुके हैं।
बागान के मैनेजर चंदन कुमार ने कहा कि श्रमिक परिवार के सदस्यों की तरह हैं और बोनस उनकी हक की राशि है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार श्रमिकों को 20 प्रतिशत बोनस दिया गया है। उन्होंने कहा कि तराई क्षेत्र में श्रमिकों को जल्द से जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
