घाटाल में बाढ़ के पानी में डूबकर बच्ची की मौत, मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त

पश्चिम मेदिनीपुर, 01 अक्टूबर । जिले के घाटाल नगरपालिका के रामचंद्रपुर इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से करीब ढाई वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना बुधवार उस समय हुई, जब बच्ची अपने जुड़वां भाई के साथ घर के बरामदे में खेल रही थी। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शोक व्यक्त किया।

रामचंद्रपुर इलाके में रामकृष्ण चौधरी के दोनों जुड़वां बच्चे घर के बरामदे में खेल रहे थे। उनकी मां पास में खाना बना रही थीं। इसी दौरान मां कुछ देर के लिए वहां से हटीं और दोनों बच्चे बाढ़ के पानी में गिर गए। बच्चों के दादा ने पानी में उतरकर बालक को बचा लिया, लेकिन बच्ची पानी में डूब गई।

घटना के बाद बुधवार शाम पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना घाटाल पहुंचीं। उन्होंने विधायक शीतल कपाट के साथ मृत बच्ची के परिवार से मुलाकात की और परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

घाटाल के कई इलाके अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं। खेत, सड़क, घर, दुकान और स्कूलों में पानी भरा हुआ है। कई स्थानों पर नाव के जरिए लोगों का आवागमन हो रहा है। बुधवार को वीरसिंह गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्ची की मौत पर दुख जताया था।