acc

कोलकाता, 10 मार्च । पूर्व मेदिनीपुर और उत्तर 24 परगना जिलों में मंगलवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट थाना क्षेत्र में हल्दिया–मेचेदा राज्य सड़क पर एक सड़क दुर्घटना मे पांच यात्री घायल हो गए। मंगलवार सुबह मेचेदा के शांतिपुर गांव के पास हल्दियागामी एक यात्री बस और मेचेदा की ओर आ रहे दवाइयों से लदे एक ट्रक के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह के समय बस यात्रियों को लेकर हल्दिया की ओर जा रही थी। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहा दवाइयों से लदा एक ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और बस से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर के प्रभाव से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को निकालकर मेचेदा के एक निजी चिकित्सा केंद्र पॉपुलर नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बस चालक ने बताया कि अचानक बस के स्टीयरिंग में समस्या आने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर कोलाघाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बस तथा ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राज्य सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

उधर, उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार सुबह कल्याणी एक्सप्रेसवे पर कांचरापाड़ा की ओर जाने वाली लेन में रेत से भरे एक डंपर और फलों से लदे एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बासुदेबपुर थाना क्षेत्र के कालीतला मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रहे फलों से लदे ट्रक ने सामने चल रहे डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से डंपर रेलिंग तोड़कर सर्विस रोड पर जा गिरा, जबकि ट्रक का डाला टूट गया और उसमें लदे फल सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना में ट्रक का चालक और खलासी घायल हो गए हैं।

पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।