डुमरी के छोटकी बैरगी जंगल में डेरा जमाए हैं हाथी, शाम ढलने के बाद घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह
गिरिडीह, 4 सितंबर। गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। छोटकी बैरगी (पंचायत बड़की बैरगी) के जंगल में करीब 25 हाथियों के विचरण करने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
वन विभाग ने सूचना जार कर कहा है कि एलिफेंट ड्राइव टीम हाथियों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रख रही है। झुंड जिस दिशा में आगे बढ़ेगा, उसकी जानकारी ग्रामीणों को समय-समय पर दी जाएगी।
इन पंचायतों के ग्रामीण रहें विशेष सतर्क
वन विभाग ने बड़की बैरगी, बेरहा सुईयाडीह, ससारखो, जरीडीह, नागाबाद, खुदीसार एवं जीतकुंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलें
वन विभाग ने ग्रामीणों से स्पष्ट कहा है कि अंधेरा होने के बाद घर से बाहर निकलने से बचें। साथ ही अपने आसपास रहने वाले लोगों को भी हाथियों की मौजूदगी के बारे में जानकारी देकर सतर्क करें।
विभाग ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि हाथियों के झुंड के आसपास भीड़ न लगाएं और न ही शोर-शराबा करें। हाथियों को देखने या उनका वीडियो बनाने के लिए उनके करीब जाने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है।
वीडियो बनाने की कोशिश पड़ सकती है भारी
वन विभाग का कहना है हाथियों के आक्रोशित होने पर वे अचानक दौड़कर हमला कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में जान-माल का गंभीर नुकसान हो सकता है। इसलिए ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
विभाग ने यह भी कहा है कि दिन के समय हाथियों को नियंत्रित करना संभव नहीं होता। ऐसे में यदि हाथियों के आसपास लोग एकत्रित हो जाएं तो उन्हें तत्काल वहां से हटकर अपने घर लौट जाना चाहिए।
वन विभाग का सहयोग करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील
गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने ग्रामीणों से वन विभाग का सहयोग करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। वन विभाग ने साफ संदेश दिया है,हाथियों से दूरी बनाए रखें, भीड़ न लगाएं और अंधेरा होने के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
