खूंटी, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी खूंटी की ओर से शुक्रवार को विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम और वृहद पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बैंक ऑफ इंडिया खूंटी के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक निलेशकांत और बैंक ऑफ इंडिया आरसेटी के वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार की ओर से पौधारोपण कर की गई। इसके बाद आरसेटी में प्रशिक्षण प्राप्त 25 बैंक सखियों ने मिलकर 50 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि निलेशकांत ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न संदेशों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
वरिष्ठ संकाय सदस्य सुशील कुमार ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संकाय सदस्य संजय कुमार, सहायक सतनाम कंडुलना, निर्मल हेमरोम और परिचर जितेंद्र महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
