रांची, 20 अक्टूबर । झारखंड के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ )ने रेलवे स्टेशन से 23 हजार 182 रूपये का पटाखा जब्त किया है।
एएसआई एमके जायसवाल ने सोमवार को बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के नेतृत्व में रांची मंडल की आरपीएफ लगातार सतर्क है। इसी क्रम में मुरी रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में सघन जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक बड़ा सफेद बैग बिना दावे के पाया गया।
जांच करने पर उसमें विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले, जिनकी कुल कीमत लगभग 23,182 रूपये आंकी गई। बार-बार घोषणा करने के बाद भी कोई व्यक्ति बैग का दावा करने नहीं आया। इसके बाद उड़न टीम रांची के एएसआई अनिल कुमार ने गवाहों की उपस्थिति में पटाखों को जब्त कर आरपीएफ पोस्ट मुरी में सुरक्षित जमा कराया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई अनिल कुमार, आर.के. सिंह, दिनेश प्रसाद एवं हेमंत शामिल थे।
