r1

निम्बार्क महाविद्यालय मैदान में भूमि पूजन के साथ मंच निर्माण शुरू

वृंदावन के ‘पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान’ के 40 कलाकार करेंगे जीवंत मंचन

विभिन्न समाजों को दिए जा रहे निमंत्रण, तैयारियां अंतिम चरण में

उदयपुर, 07 अक्टूबर। श्रीराम लीला समिति के तत्वावधान में झीलों की नगरी में 9 अक्टूबर से होने जा रही भव्य दस दिवसीय रामलीला की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन को लेकर समाजों में निमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला भी जारी है। वृंदावन का दल भी उदयपुर पहुंच चुका है और मंचन की तैयारियां की जा रही हैं।

श्रीराम लीला समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने बताया कि उदयपुर के इतिहास में पहली बार इतने विशाल स्तर पर दस दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वृंदावन के प्रसिद्ध ‘पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान’ के दल प्रमुख घनश्याम शर्मा (भारद्वाज) व ज्ञान शर्मा के नेतृत्व में 40 वरिष्ठ एवं कुशल कलाकारों का दल श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों का जीवंत मंचन करेगा।

घनश्याम शर्मा ने बताया कि वे चालीस साल से रामलीला कर रहे हैं। अधिकतर आयोजक दोनों नवरात्रि में ही रामलीला करवाने के इच्छुक होते हैं। इसलिए रामलीला की संख्या सीमित रहती है। उनके दल ने बिहार, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, दिल्ली में रामलीला की है। राजस्थान में मीरांबाई की धरती मेड़ता और जयपुर में भी रामलीला कर चुके हैं।

तैयारियों को लेकर बुधवार शाम को हुई बैठक में समिति के महासचिव भंवरलाल शर्मा, समन्वयक अशोक बाबेल, संयोजक डॉ. विजयप्रकाश विप्लवी सहित हरीश शर्मा, राजकुमार पारीक, धरणीधर तिवारी, गजेन्द्र चौबीसा, ओम प्रकाश, जगन्नाथ शर्मा, राजेश स्वर्णकार, चेतन माली, दीपक डांगी, अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, दीपक बंसल आदि ने विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

आयोजन के तहत श्रीराम जानकी विवाह से पूर्व 13 अक्टूबर को अस्थल आश्रम से निम्बार्क महाविद्यालय मैदान तक भव्य ‘बिन्दोरी’ (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। पूर्व में 12 अक्टूबर को तय श्रीराम जानकी विवाह का प्रसंग अब 13 अक्टूबर को शाम 6 बजे बिन्दोरी के आयोजन के पश्चात मंचित होगा।

संयोजक डॉ. विप्लवी ने बताया कि समिति का दल माहेश्वरी समाज व अग्रवाल समाज सहित विभिन्न समाजों में निमंत्रण देने पहुँचा। इस दौरान माहेश्वरी समाज के महेश सेवा समिति अध्यक्ष देवेंद्र मालीवाल, सचिव शरद हेड़ा, लक्ष्मी शंकर गांधी, जितेंद्र ईनाणी, सुरेश तोतला, रामबाबू खटोड़, अनिल दाखेड़ा, विनोद शारडा, पंचायत सचिव गोपाल चांडक, कोषाध्यक्ष कैलाश झंवर, जिला अध्यक्ष राम नारायण कोठारी, सचिव पुरुषोत्तम मंडोवरा व महिला परिषद् से अध्यक्षा श्रीमती मंजू गाँधी, उपाध्यक्ष श्रीमती लता मालीवाल, सचिव छवि भदादा एवं अन्य कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।