राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी का समर्थन

पलामू, 08 अगस्त । झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर रांची में चल रहे छात्रों के अनिश्चितकालीन धरने को राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी की झारखंड प्रदेश कार्यसमिति ने समर्थन दिया है।

शनिवार सुबह संगठन की ओर से जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर आंदोलनरत सैकड़ों छात्रों के लिए निशुल्क जलपान की व्यवस्था की गई। सेवा कार्य का नेतृत्व युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने किया। उनके साथ संगठन के संयोजक संजय शुक्ला सहित रांची और पलामू के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के बीच जलपान वितरित करने के साथ उनके आंदोलन के प्रति समर्थन और एकजुटता जताई।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, परीक्षा में धांधली और भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों का सीधा असर उन युवाओं पर पड़ता है, जो वर्षों तक मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, धांधली, पेपर लीक तथा भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। साथ ही भर्ती व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।

देवेंद्र तिवारी ने सरकार से छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती है तो राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक स्तर पर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाएगी।