kanchan

सिलीगुड़ी, 08 अगस्त । शहर में लंबे समय से चली आ रही जाम और पार्किंग की समस्या को लेकर अब प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। हाल के दिनों में ट्रैफिक व्यवस्था कुछ हद तक सामान्य हुई है, लेकिन पार्किंग की कमी अब भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। इसी समस्या के समाधान के लिए सिलीगुड़ी का कंचनजंघा स्टेडियम मेला ग्राउंड को पार्किंग के रूप में विकसित करने कार्य शुरू हो गया है। स्टेडियम के मेला ग्राउंड के चार दीवारी को तोड़ने का कार्य शुरू हो गया।

राज्य के पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष के प्रस्ताव के बाद इस परियोजना पर तेजी से काम शुरू हुआ। पार्किंग को सुचारू बनाने के लिए मैदान के मुख्य एंट्री और एग्जिट प्वाइंट को आसान करने हेतु दीवार तोड़ने का काम शनिवार से शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही नई व्यवस्था को लागू करने से पहले ट्रायल रन भी शुरू किया जा रहा है।

इस दौरान वाहनों के प्रवेश, पार्किंग और बाहर निकलने की प्रक्रिया का परीक्षण किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की समस्या को पहले ही समझकर उसका समाधान किया जा सके।जानकारी के अनुसार, रविवार को मंत्री शंकर घोष खुद मौके पर पहुंचकर पूरे प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। वे पार्किंग क्षेत्र, एंट्री-एग्जिट सिस्टम और ट्रायल रन की स्थिति का जायजा लेंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि यह पहल जमीनी स्तर पर कितनी कारगर साबित होती है।