झारखंड राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी बयानबाजी

रांची , 19 जून। झारखंड राज्यसभा चुनाव के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों से नाराज हो कर   पलटवार किया है।

आरजेडी विधायक सुरेश पासवान ने कांग्रेस नेता के. राजू के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आरजेडी पूरी निष्ठा के साथ गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग वोट की चोरी की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले तथ्यों को सामने लाना चाहिए और यदि आरोप साबित नहीं कर सकते तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

सुरेश पासवान ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी लंबे समय से एक ही गठबंधन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरे देश में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं, तब इस तरह के बयान देने का क्या औचित्य है।

आरजेडी विधायक ने यह भी कहा कि अतीत में जब कांग्रेस नेतृत्व पर राजनीतिक हमले हुए, तब आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव मजबूती से उनके साथ खड़े रहे। ऐसे में सहयोगी दलों के बीच इस तरह की बयानबाजी गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं है।

फिलहाल राज्यसभा चुनाव के बाद शुरू हुई यह बयानबाजी झारखंड की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गई है।