हुगली, 09 अक्टूबर । जिले के पांडुआ में चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:05 बजे पांडुआ के जयपुर इलाके में रेलवे गेट संख्या-15 के पास हुई। घायल युवक को पहले पांडुआ ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे चुंचुड़ा के इमामबाड़ा सदर अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, युवक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान सोनू चौधरी (25) के रूप में हुई है। वह हावड़ा जिले के बाली इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसके परिवार से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
स्थानीय लोगों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, अप 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस जब पांडुआ से गुजर रही थी, उसी दौरान जयपुर रेलवे गेट संख्या-15 के पास रेलवे लाइन के किनारे खड़े लोगों ने तेज आवाज सुनी। ट्रेन के गुजरने के बाद उन्होंने एक युवक को रेलवे लाइन के पास घायल अवस्था में पड़ा देखा। स्थानीय लोगों ने पांडुआ थाने की पुलिस और रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पांडुआ थाने की पुलिस ने घायल युवक को पांडुआ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। बाद में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उसके हाथ-पैरों में भी चोटें लगी हैं। उसकी शारीरिक स्थिति बिगड़ने के बाद चिकित्सकों ने उसे चुंचुड़ा इमामबाड़ा सदर अस्पताल रेफर करने का निर्णय लिया।
घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, रेलवे पुलिस इसकी जांच कर रही है।
