शराब दुकान में चोरी

बोकारो, 4 जून। बोकारो जिले के सेक्टर-12 मोड़ स्थित लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में हुई लाखों रुपये की विदेशी शराब चोरी के मामले का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की गई शराब बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-12 मोड़ स्थित कम्पोजिट शराब दुकान में चोरी हुई है। सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि चोरों ने दुकान के पीछे लगे चदरे को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और बड़ी मात्रा में विदेशी शराब चोरी कर ली।

दुकान संचालक संदीप कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने सबसे पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के गल्ले में रखी लगभग 50 से 60 हजार रुपये नकद राशि पर भी हाथ साफ कर दिया। साथ ही बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां लेकर फरार हो गए।

दुकानदार के अनुसार चोरी के बाद स्टॉक का मिलान किया गया, जिसमें भारी मात्रा में शराब गायब पाई गई। घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि जिस इलाके में रात तक पुलिस पेट्रोलिंग हो रही थी, उसी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। छापेमारी के दौरान चोरी की गई करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई। बरामद सामग्री में विभिन्न ब्रांड की 750 बोतल विदेशी शराब तथा 137 बोतल और कैन बीयर शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 335 लीटर शराब बरामद की गई है।

इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल किया गया एक लोहे का कटर भी पुलिस ने जब्त किया है।

पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु पटेल उर्फ सूटर, राजकुमार उर्फ लोला, नितिश कुमार उर्फ गोलू तथा नंदु कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी बोकारो जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।

डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की पूरी वारदात का खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा क्या आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक घटना से भी संबंध रहा है।