agni

कोलकाता, 15 सितंबर । सॉल्टलेक-विधाननगर इलाके में मंगलवार को शहर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अचानक दौरा कर सड़क और फुटपाथ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विधाननगर नगर निगम के 39 नंबर वार्ड के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई जगह फुटपाथ पर अवैध पार्किंग, दुकानें और अन्य तरह का अतिक्रमण देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई स्थानों पर पैदल चलने के लिए बनाए गए फुटपाथ पर मोटरसाइकिल और कारें खड़ी की जा रही हैं। वहीं, कुछ जगहों पर फुटपाथ पर दुकानें भी लगाई गई हैं। अग्निमित्रा पाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फुटपाथ को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अतिक्रमणकारियों को इसे हटाने के लिए निर्धारित समय दिया जाएगा। समय सीमा के भीतर फुटपाथ खाली नहीं करने पर जुर्माना लगाने समेत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अग्निमित्रा पाल ने फुटपाथ पर अवैध पार्किंग को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए होता है, वहां वाहनों को खड़ा करना उचित नहीं है। खासकर सॉल्टलेक जैसे इलाके में स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और अन्य राहगीरों को इससे परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि नागरिक जिम्मेदारी होना जरूरी है। अपनी सुविधा के लिए किसी दूसरे व्यक्ति के आवागमन का रास्ता रोकना सही नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्धारित पार्किंग स्थल मौजूद हैं और वहां वाहन खड़ा करने के लिए शुल्क देना पड़ता है, तो लोग अपनी गाड़ियां फुटपाथ या सड़क पर क्यों खड़ी करते हैं।

मंत्री ने लोगों से सड़क पर कचरा नहीं फेंकने, थूकने, खुले में शौच या पेशाब नहीं करने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भी बराबर की भूमिका है। फुटपाथ पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस तथा संबंधित नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।