dantan

मेदिनीपुर, 16 जुलाई । पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन-दो विकासखंड के आमरदा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध चलाए गए अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई बेलदा थाना के अंतर्गत जोरागेड़िया पुलिस चौकी की ओर से की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आमरदा क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से भंडारित बड़ी मात्रा में देशी एवं विदेशी शराब बरामद कर जब्त की गई। हालांकि, इस मामले में किसी की गिरफ्तारी हुई है अथवा नहीं, इसे लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य की मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। आमरदा में की गई यह कार्रवाई भी उसी व्यापक अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।

बेलदा थाना की जोरागेड़िया पुलिस चौकी ने घटना की जांच प्रारंभ कर दी है। अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।