चंडीगढ़, 02 अक्टूबर । अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले दो अलग-अलग नेटवर्कों का पर्दाफाश करके चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 किलोग्राम हेरोइन और 10 अवैध पिस्तौल बरामद हुई हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि राजनप्रीत सिंह निवासी गल्लूवाल, विजय निवासी राजाताल कॉलोनी, घरिंडा, पारसदीप सिंह उर्फ बिल्ला निवासी कंबोआ और गुरमुख सिंह उर्फ बोदी निवासी काहनगढ़, अटारी को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनके तार कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से जुड़े हुए हैं, जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और नेटवर्क के पिछले तथा आगे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पहले ऑपरेशन के दौरान अवैध हथियारों की सप्लाई संबंधी पुख्ता सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए थाना घरिंडा की पुलिस पार्टी ने राजनप्रीत सिंह और विजय को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल बरामद किए।
आईजीपी ने बताया कि दूसरे ऑपरेशन में सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी नेटवर्क के संबंध में मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर थाना घरिंडा की टीमों ने पारसदीप सिंह उर्फ बिल्ला और गुरमुख सिंह उर्फ बोदी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि पारसदीप एक कुख्यात नशा तस्कर है, जो क्षेत्र में ड्रग कार्टेल चला रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), अमृतसर ग्रामीण, कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि इस संबंध में थाना घरिंडा (अमृतसर ग्रामीण) में दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं।———
