पश्चिमी सिंहभूम, 24 जून । पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को सारंडा के टाटिबा गांव के समीप जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में संचालित तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को नष्ट किया गया।
किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि टाटिबा गांव के आसपास स्थित घने जंगलों में बड़े पैमाने पर महुआ शराब का अवैध निर्माण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

पुलिस टीम ने जंगल और पहाड़ी इलाकों में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों का पता चला। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद शराब कारोबारी जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मौके पर मौजूद शराब निर्माण की पूरी व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में जावा महुआ बरामद किया गया, जिसका उपयोग महुआ शराब तैयार करने में किया जा रहा था। पुलिस ने बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे प्लास्टिक ड्रम, चूल्हे, लोहे और एल्यूमिनियम के बर्तन, पाइप तथा अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया, ताकि दोबारा इनका उपयोग नहीं किया जा सके।
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि फरार हुए शराब कारोबारियों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के कारण सामाजिक और आर्थिक समस्याएं बढ़ रही थीं। ऐसे में पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।-
