तस्कर गिरफ्तार

चतरा, 17 जून । सदर चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 408 बोतल शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के हरहद गांव निवासी सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई कार भी जब्त की है।

बुधवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा से बिहार शराब की खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान एक संदिग्ध हुंडई कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 17 पेटियों में छिपाकर रखी गई 408 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर ही तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपित शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। मामले में पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।