खड़गपुर, 23 सितंबर । पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला की बेटी तथा वर्ष 2026 एशियाई खेलों में भारत की एकमात्र जिम्नास्ट प्राणति नायक ने वॉल्ट स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को आयोजित क्वालीफिकेशन दौर में 19 प्रतियोगियों के बीच सातवें स्थान पर रहकर उन्होंने फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
दोनों वॉल्ट को मिलाकर प्राणति का स्कोर 12.916 रहा। पहले वॉल्ट में उन्होंने 13.000 और दूसरे वॉल्ट में 12.433 अंक हासिल किए। अतिरिक्त 0.200 अंक जुड़ने के बाद उनका कुल स्कोर 12.916 रहा। क्वालीफिकेशन दौर में सातवें स्थान पर रहते हुए उन्होंने शीर्ष आठ खिलाड़ियों में अपनी जगह सुनिश्चित की।
महिलाओं की वॉल्ट स्पर्धा का फाइनल 24 सितंबर को आयोजित होगा। पश्चिम मेदिनीपुर के पिंगला की इस जिम्नास्ट ने इससे पहले एशियाई जिम्नास्टिक्स चैंपियनशिप में तीन कांस्य पदक जीते हैं। अब एशियाई खेलों के वॉल्ट फाइनल में उनके प्रदर्शन पर बंगाल के खेलप्रेमियों की नजरें टिकी हैं।
