कोलकाता, 23 सितंबर । पश्चिम बंगाल को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत दक्षिण दिनाजपुर जिले में पुलिस प्रशासन ने कोडीन युक्त अवैध कफ सिरप की करीब दो लाख बोतलें जब्त कर नष्ट कर दीं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे समाज माध्यम पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के बाद कफ सिरप बनाने वाली कंपनी लेबोरेट फार्मास्यूटिकल्स इंडिया लिमिटेड ने पश्चिम बंगाल सरकार को राज्य में अपने ‘एस्कफ कफ सिरप’ की बिक्री पूरी तरह बंद करने का आश्वासन दिया है। कंपनी स्थानीय डीपो में मौजूद अपने सभी स्टॉक को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।
उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से हरिरामपुर थाने के मामले संख्या 263/2026 के जांच अधिकारी को भेजे गए पत्र में प्रशासन के साथ सहयोग करने और मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों और उनकी तस्करी के खिलाफ सरकार की शून्य सहनशीलता की नीति जारी रहेगी। उन्होंने कार्रवाई के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सतर्कता की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद और बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं और आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त पश्चिम बंगाल का निर्माण करना सरकार का मुख्य संकल्प है।
