पश्चिमी सिंहभूम, 24 मार्च । जिले के गोईलकेरा प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को पलाश दीदी कैफे का शुभारंभ किया गया। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की ओर से संचालित इस कैफे का उद्घाटन विधायक जगत माझी ने किया।
यह कैफे खासतौर पर झारखंडी पारंपरिक और जनजातीय व्यंजनों के लिए जाना जाएगा, जहां स्थानीय स्वाद को स्वच्छ और सुसज्जित वातावरण में परोसा जाएगा। पलाश ब्रांड के माध्यम से अब प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी एक ही स्थान पर शुद्ध और पारंपरिक भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
उद्घाटन के बाद विधायक जगत माझी ने कैफे का व्यंजनों का स्वाद चखा। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और खान-पान को भी नई पहचान देती हैं। उन्होंने इसे स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाला प्रभावी माध्यम बताया।
कैफे के शुरू होने से अब प्रखंड कार्यालय आने वाले लोगों को जलपान के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा। साथ ही, सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं को अपने कौशल को प्रदर्शित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, पूर्व अध्यक्ष अकबर खान, थाना प्रभारी विक्रांत मुंडा, जेएसएलपीएस के अधिकारी, महिला समूह की सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
