पलामू, 28 फरवरी। नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित मेयर अरुणा शंकर के विजय जुलूस के दौरान शनिवार को मेदिनीनगर में उस समय अफरातफरी मच गई, जब पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। वे जुलूस में शामिल एक खुली जीप में सवार थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सुरक्षाकर्मियों और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
शुक्रवार को मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज में मतगणना हुई थी, जिसमें भाजपा समर्थित उम्मीदवार अरुणा शंकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नम्रता त्रिपाठी को 3122 मतों से पराजित किया। अरुणा शंकर को 24,169 वोट मिले, जबकि नम्रता त्रिपाठी को 21,047 मत प्राप्त हुए। जीत के उपलक्ष्य में शनिवार दोपहर 12 बजे मेयर आवास से बाजे-गाजे के साथ विजय जुलूस निकाला गया।
विजय जुलूस मेयर आवास से निकलकर नावाटोली, सद्दीक मंजिल चौक होते हुए मुख्य बाजार की ओर बढ़ रहा था। सांसद सांसद विष्णु दयाल राम अपनी बेटी स्मिता, विधायक आलोक चौरसिया और मेयर अरुणा शंकर के साथ खुली गाड़ी में सवार थे। जब जुलूस धर्मशाला रोड पहुंचा, तभी सांसद गाड़ी में ही चक्कर खाकर गिर पड़े। घटना से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।
उन्हें तुरंत नावाटोली स्थित डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। डॉक्टरों के अनुसार वे खतरे से बाहर हैं और कुछ समय बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सांसद अपने शांतिपुरी स्थित आवास लौट गए हैं। उन्होंने बताया कि तेज धूप के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी।
सांसद के अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा नेता और समर्थक अस्पताल पहुंच गए और उनका हालचाल जाना। उल्लेखनीय है कि विष्णु दयाल राम वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार पलामू से सांसद निर्वाचित हो रहे हैं।
