दुर्घटना

 डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक 

जमशेदपुर  26 जुलाई।  शहर के मरीन ड्राइव पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मृतक की पहचान गणेश पात्रो 18के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल निखिल साहू को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके हाथ में गंभीर चोट आई है और एक हाथ टूट गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों किशोर बाइक से कदमा टोल ब्रिज की ओर से दोमुहानी की तरफ जा रहे थे। रामजनमनगर के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज गति से डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। गणेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी और दोनों किशोरों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

घटना के बाद पोस्टमार्टम को लेकर कुछ समय तक स्थिति असमंजस की रही, क्योंकि परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसके बावजूद कानूनी प्रक्रिया के तहत कदमा थाना पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया।

कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि घायल युवक से पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।