अब नाओदा में अधीर की गाड़ी घेरकर प्रदर्शन

मुर्शिदाबाद, 21 अप्रैल । नाओदा में बहरमपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी को रविवार को प्रचार के दौरान एक बार फिर विरोध का सामना करना पड़ा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अपना आपा खोए बिना अपनी गाड़ी के अंदर बैठे रहे। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि अधीर चौधरी को पिछले पांच सालों में इलाके में नहीं देखा गया है। उन्होंने इलाके के विकास के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए बहरमपुर के निवर्तमान सांसद को देखकर ”वापस जाओ” के नारे लगाए गए। आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लेकर अधीर की गाड़ी के पास विरोध प्रदर्शन किया। समय रहते पुलिस ने आकर स्थिति को नियंत्रित किया।

कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि ये तृणमूल कांग्रेस की साजिश है। वे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन वे अधीर चौधरी पर जितना हमला करेंगे, उनकी ताकत उतनी ही बढ़ती जाएगी। लोग कांग्रेस नेता के पक्ष में फैसला देंगे।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को ही तृणमूल समर्थकों ने अधीर के प्रचार के दौरान मुर्शिदाबाद मेडिकल के सामने विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय वह अपना आपा खो बैठे और गाड़ी से बाहर निकलकर तृणमूल समर्थकों से भिड़ गए थे। आख़िरकार पुलिस आई और स्थिति पर काबू पाया गया था।