पश्चिम बर्दवान, 07 अगस्त । दुर्गापुर में पैसे के बदले रक्त उपलब्ध कराने के कथित मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम अमित प्रसाद, देबप्रिय चक्रवर्ती और हबीबुल्लाह बताए गए हैं। दुर्गापुर थाना पुलिस ने गुरुवार रात तीनों को गिरफ्तार किया। शुक्रवार सुबह उन्हें दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने तीनों को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि गिरफ्तार तीनों आरोपित विधाननगर स्थित एक निजी अस्पताल में स्कूली छात्रों को ले जाकर पैसे के बदले रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था करते थे। आरोप यह भी है कि निजी अस्पताल के बाहर स्थित एक होटल में बैठकर आरोपित कथित तौर पर रक्त बिक्री का यह पूरा नेटवर्क संचालित करते थे।
गिरफ्तार आरोपितों में अमित प्रसाद के टीएमसीपी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हिरासत के दौरान आरोपितों से पूछताछ कर कथित रक्त बिक्री के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे मामले में उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
