कोलकाता, 23 जुलाई । पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय है। राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। उत्तर बंगाल के पर्वतीय तथा तराई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है, जबकि दक्षिण बंगाल के कई जिलों में रुक-रुक कर वर्षा का क्रम जारी है।
पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर और मेदिनीपुर ग्रामीण में गुरुवार सुबह से ही लगातार वर्षा हो रही है। उधर झाड़ग्राम, पुरुलिया, विष्णुपुर, बीरभूम में भी लगातार वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है तथा अनेक स्थानों पर जलभराव की स्थिति देखी जा रही है। पूर्व मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा, पुरुलिया, हावड़ा, हुगली, कोलकाता तथा उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना के विभिन्न क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार तथा कूचबिहार जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वातावरण में नमी का स्तर अधिक रहने से उमस बनी रहेगी।
तटीय जिलों, विशेषकर पूर्व मेदिनीपुर और दीघा क्षेत्र में समुद्र तट पर तेज हवा चलने की खबर आ रही है। मछुआरों तथा समुद्र तट पर जाने वाले लोगों को मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक पश्चिम बंगाल में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और राज्य के अनेक हिस्सों में वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।
