onkar

कोलकाता, 23 जुलाई। बीते 21 जुलाई के राजनीतिक आयोजन में कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने के आरोप में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस संबंध में कोलकाता के हेस्टिंग्स थाने के एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

गुरुवार को पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाई कोर्ट ने तारामंडल के सामने कैथेड्रल रोड पर कालीघाट तृणमूल को सभा आयोजित करने की अनुमति दी थी। अदालत ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि सड़क की केवल एक लेन में ही सभा की जा सकेगी, जबकि दूसरी लेन को यातायात के लिए पूरी तरह खुला रखना होगा, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभा के दौरान पूर्वी लेन के साथ-साथ पश्चिमी लेन में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक दूसरी लेन में खड़े होने के कारण यातायात बाधित हुआ।

पुलिस के अनुसार, बड़े ट्रैफिक जाम से बचने के लिए विक्टोरिया मेमोरियल के सामने से अन्य वाहनों का मार्ग बदलना पड़ा, जिससे शहर के दूसरे हिस्सों में भी जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस का दावा है कि अदालत के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सभा के आयोजकों ने जानबूझकर उनका उल्लंघन किया। इसे पुलिस ने सीधे तौर पर अदालत की अवमानना माना है।

इस घटना के संबंध में सभा के आयोजकों और कालीघाट तृणमूल के पदाधिकारियों के खिलाफ सड़क जाम करने और कानूनी निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है