raniganj

पश्चिम बर्दवान, 16 जुलाई।

रानीगंज स्थित ऐतिहासिक सियारसोल राजबाड़ी में आयोजित लगभग 150 वर्ष पुरानी पारंपरिक रथयात्रा महोत्सव में गुरुवार को पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग के प्रभारी मंत्री तथा कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार शामिल हुए।

इस पावन अवसर पर डॉ. पोद्दार ने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के श्रीचरणों में पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्यवासियों के सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि एवं सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए भगवान जगन्नाथ से सभी नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर डॉ. पोद्दार ने कहा कि सियारसोल राजबाड़ी की यह ऐतिहासिक रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक उत्सव समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ हमारी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने इस भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के सफल संचालन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं दर्शनार्थियों को रथयात्रा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।