बेलगावी, 15 सितंबर। गणेश उत्सव की खुशियों के बीच कर्नाटक के बेलगावी शहर में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मार्केट थाना क्षेत्र की चाव्हाट गली में एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया और अंदर मौजूद लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
हादसे में गजानन राजाराम दमोने (65), शारदा दमोने (45), भारती राजाराम दमोने (50) और रोशन गजानन दमोने (21) की मौत हो गई। वहीं, प्रिया गजानन दमोने (28) और गंगा गजानन दमोने (25) गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दमोने परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। गणेश उत्सव के मौके पर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मार्केट थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
