मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी शिविर

680 मरीजों का उपचार, 40 के मोतियाबिंद ऑपरेशन निशुल्‍क होंगे

कोलकाता, 29 अगस्त। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी कोलकाता की ओर से शनिवार को दो स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं हेल्थ चेकअप कैंप आयोजित किए गए।

एक शिविर एसोसिएशन ऑफ मेडिकल विमेंस कोलकाता के सहयोग से सियालदह स्थित मिशनरी हॉस्पिटल में तथा एक अन्‍य शिविर बीएसएफ के सहयोग से हिंगलगंज, बशीरहाट में आयोजित किया गया। इन शिविरों में 680 मरीजों का उपचार किया गया।

शिविर में आए सभी मरीजों के स्‍वास्‍थ्‍य की जांच की गई, ब्‍लड प्रेशर, ब्‍लड शुगर और ईसीजी जैसी जांचें निशुल्‍क की गई। मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबि दवाएं निशुल्‍क प्रदान की गई।

नेत्र जांच के दौरान 210 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, इन्‍हें चश्‍मे निशुल्‍क प्रदान किए गए।  40 मरीजों को मोतियाबिंद  ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। इनके ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।

शिविर संयोजक अजय दिवाकर ने बताया मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों में डॉक्टर दिनेश सिंह, डॉक्टर मलय दास, डॉक्टर शंकर मंडल, डॉक्टर संजीव कुमार और डॉक्टर सुकांतो राय ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। आयोजकों ने चिकित्सकों के योगदान की सराहना की।

अजय दिवाकर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्‍ध कराने के लिए सोसायटी की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर पूरे साल आयोजित किए जाते हैं।

मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्‍ध

अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्‍ध है। सोसायटी के अस्‍पताल में आम नागरिकों को न्‍यूनतम शुल्‍क पर बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं उपलब्‍ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।

अस्‍पताल में मौजूद होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्‍क देते हैं। यहां चिकित्‍सक से परामर्श मात्र 120 रुपए में लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्‍क उपलब्‍ध कराई जाती है। अस्‍पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।

नि:शुल्‍क सर्वाइकल वैक्‍सीन

सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्‍सीन नि:शुल्‍क देने का अभियान शुरू किया है।