बच्चों को मुफ्त कानूनी सहायता की दी जानकारी

रांची, 21 मई।  जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की ओर से गुरुवार को डुमरदगा बस्ती में बच्चों के लिए बाल-अनुकूल विधिक सेवा योजना-2024 के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम  न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना एवं न्यायायुक्त रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में तथा डालसा सचिव राकेश रौशन की मौजूदगी में आयोजित किया गया।  कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मुफ्त कानूनी सेवाओं और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।

पीएलवी सिकंदर मुण्डा और आरती कुमारी ने बताया कि बाल-अनुकूल विधिक सेवा योजना-2024 को नालसा की पुरानी योजनाओं को आधुनिक रूप देकर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य बच्चों को दीवानी, आपराधिक और प्रशासनिक मामलों में मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत बच्चों को उनकी उम्र और मनोवैज्ञानिक जरूरतों को समझने वाले वकीलों की सहायता देने के साथ-साथ न्याय व्यवस्था में बाल-अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दिया गया है। इस दौरान लोगों को बाल श्रम, बाल विवाह, डायन बिसाही, लोक अदालत, मध्यस्थता और नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की भी जानकारी दी गई। साथ ही आगामी 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक करते हुए पंपलेट और लिफलेट का वितरण किया गया।