ga

दक्षिण दिनाजपुर, 19 मई । गंगारामपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के जिला महासचिव मफिजुद्दीन मियां को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गंगारामपुर थाने की टीम ने उन्हें एक अन्य व्यक्ति के साथ सोमवार रातगिरफ्तार किया। मंगलवार को अदालत ले जाते समय मफिजुद्दीन मियां ने सभी आरोपित को खारिज करते हुए खुद को साजिश का शिकार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस “दबाव में काम कर रही है”, कहा कि समय आने पर इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में तृणमूल के और नेता भी गिरफ्तारी के दायरे में आ सकते है।

बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलिस कांस्टेबल की नौकरी दिलाने के नाम पर मफिजुद्दीन मियां और उनके साथियों ने उससे करीब दस लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में पहले एक आरोपित गिरफ्तार हुआ था, लेकिन जांच लंबे समय तक धीमी रही। हाल ही में राजनीतिक बदलाव के बाद जांच में तेजी आई और मुख्य आरोपित को पकड़ लिया गया।

गौरतलब है कि मफिजुद्दीन मियां दक्षिण दिनाजपुर में तृणमूल का एक जाना-पहचाना चेहरा रहे है। पंचायत सदस्य से राजनीतिक करियर शुरू कर उन्होंने जिले में एक प्रभावशाली अल्पसंख्यक नेता के रूप में पहचान बनाई थी।