rec

पूर्वी सिंहभूम, 17 अक्टूबर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में मानसिक रोगों से पीड़ित मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक कुमार गिरी एवं पवन कुमार ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया। इस दौरान कुल 33 मरीजों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को एक माह की दवा निःशुल्क प्रदान की तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से दवा लेने और निर्धारित समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने की सलाह दी।

चिकित्सकों ने मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए उपचार में लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया। मानसिक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने और उपचार की प्रक्रिया को बीच में नहीं छोड़ने की सलाह दी गई। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के साथ ही नियमित उपचार के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर के दौरान मरीजों और चिकित्सकों के सहयोग के लिए डालसा के पीएलवी चयन कुमार मंडल, डोबो चकिया, छाकु माझी, ललिता पुरान, मीरा मंडल, कुरुमीता मुर्मू, राजेश माहली एवं गौतम सरदार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। शिविर के आयोजकों के अनुसार, मानसिक रोगियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अगला निःशुल्क चिकित्सा शिविर 17 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।