कोलकाता, 19 मई । कोलकाता के सॉल्ट लेक इलाके के एक गेस्ट हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि युवती की मौत आम के पेड़ से गिरने के कारण हुई। हालांकि मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार, युवती सोमवार रात एक ऐप कैब से अपने एक दोस्त और दो युवकों के साथ सॉल्ट लेक स्थित गेस्ट हाउस पहुंची थी। वहीं उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
युवती के साथ मौजूद लोगों का दावा है कि सोमवार देर रात वह गेस्ट हाउस परिसर में आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ी थी। इसी दौरान वह नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले की जांच बिधाननगर नॉर्थ थाना की पुलिस कर रही है। पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
हालांकि, मृतका के परिजन आम तोड़ने के दौरान गिरकर मौत होने की बात मानने को तैयार नहीं हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
